सूर्यकुमार यादव ने अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, BCCI से नाराजगी की खबरों को बताया झूठ

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से फैलाई जा रही अफवाहों पर आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से उनकी नाराजगी और टीम से बाहर किए जाने को लेकर चल रही सभी खबरें पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को अपना पूरा समर्थन देने की बात भी दोहराई।

BCCI से विवाद की खबरों को बताया झूठ

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि सूर्यकुमार यादव BCCI से नाराज हैं। यह भी कहा गया कि उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से बिना किसी जानकारी के बाहर कर दिया गया और उनकी कप्तानी भी अचानक छीन ली गई। इन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए सूर्या ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान कभी नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि उनके नाम से जो बयान वायरल हो रहे हैं, वे पूरी तरह फर्जी हैं और लोगों से ऐसी खबरों पर भरोसा न करने और उन्हें साझा न करने की अपील की।

टीम इंडिया को दिया खुला समर्थन

सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा,”मैं टीम के लिए बहुत खुश हूं। मैं हमेशा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पता है कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें हमेशा मेरा पूरा समर्थन मिलेगा।”

उन्होंने आगे कहा,”मैंने ऑनलाइन एक बयान देखा जिसमें गलत तरीके से मेरा नाम जोड़ा गया है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और न ही किसी को इसकी अनुमति दी है। भारतीय क्रिकेट, मेरे साथी खिलाड़ियों और इस खेल के प्रति मेरा समर्थन हमेशा सबसे ऊपर रहेगा।”

वैभव सूर्यवंशी के लिए लिखा खास संदेश

सूर्यकुमार यादव ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का भी हौसला बढ़ाया। उन्होंने लिखा,”वैभव, खासकर तुम्हारे लिए… तुम एक बेहद रोमांचक सफर की शुरुआत पर हो। इस समय का आनंद लो और देश का नाम रोशन करते रहो।”

उनके इस संदेश की सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है।

विश्व कप के बाद टीम से हुए बाहर

टी20 विश्व कप 2026 में भारत को अपनी कप्तानी में खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन इसके बाद उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला शांत रहा। इसके बाद चयनकर्ताओं ने विश्व कप के बाद पहली टी20 सीरीज के लिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया और कप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को सौंप दी।

हालांकि, टीम से बाहर होने के बावजूद सूर्यकुमार यादव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनका पूरा ध्यान भारतीय क्रिकेट के हित में है और वे हमेशा टीम इंडिया के साथ खड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *