अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल मुकाबले का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला 9 से 13 जून 2027 के बीच लंदन के प्रतिष्ठित द ओवल (The Oval) मैदान पर खेला जाएगा। इसके लिए 14 जून को रिजर्व डे भी रखा जा सकता है, यदि मैच मौसम या अन्य कारणों से प्रभावित होता है।
इस घोषणा के साथ ही यह साफ हो गया कि मौजूदा WTC चक्र का फाइनल अब लॉर्ड्स में नहीं बल्कि द ओवल में आयोजित किया जाएगा।
दूसरी बार WTC फाइनल की मेजबानी करेगा द ओवल
द ओवल इससे पहले भी 2023 WTC फाइनल की मेजबानी कर चुका है। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर पहली बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता था। अब एक बार फिर यही ऐतिहासिक मैदान विश्व टेस्ट क्रिकेट की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत का गवाह बनेगा।
ICC ने क्यों बदला फाइनल का वेन्यू?
पिछले वर्ष ICC ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को 2027, 2029 और 2031 के WTC फाइनल की मेजबानी सौंपी थी। इसी योजना के तहत 2027 के फाइनल के लिए द ओवल को चुना गया है। इससे पहले माना जा रहा था कि यह मुकाबला लॉर्ड्स में खेला जाएगा, लेकिन अब आधिकारिक रूप से वेन्यू बदल दिया गया है।
ICC ने बताया क्यों होगा 2027 का फाइनल खास
ICC के जनरल मैनेजर गौरव सक्सेना ने कहा कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अब दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट आयोजनों में शामिल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि दो वर्षों तक लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीमों को फाइनल खेलने का मौका मिलता है।
सक्सेना ने यह भी बताया कि 2027 का WTC फाइनल ऐतिहासिक होगा, क्योंकि उसी वर्ष टेस्ट क्रिकेट के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ऐसे में यह मुकाबला क्रिकेट इतिहास का एक यादगार अध्याय बनने की उम्मीद है।
ECB ने जताई खुशी
ECB के मैनेजिंग डायरेक्टर नील स्नोबॉल ने कहा कि लगातार तीन WTC फाइनल की मेजबानी मिलना इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि 2023 में द ओवल में आयोजित WTC फाइनल बेहद सफल रहा था और उन्हें विश्वास है कि 2027 का फाइनल टेस्ट क्रिकेट के 150 साल पूरे होने के अवसर पर और भी भव्य तथा यादगार साबित होगा।