गुरनूर बरार के 10 विकेट से इंडिया ए ने श्रीलंका ए को 10 विकेट से हराया, 1-0 से जीती सीरीज

युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार की शानदार गेंदबाजी और साई सुदर्शन के शतक की बदौलत इंडिया ए ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच में श्रीलंका ए को 10 विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। पहला मुकाबला ड्रॉ रहने के बाद सीरीज का फैसला दूसरे मैच में हुआ।

मैच के हीरो रहे गुरनूर बरार ने दोनों पारियों में कुल 10 विकेट झटके। उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर श्रीलंका ए की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी घातक गेंदबाजी के चलते मेजबान टीम दूसरी पारी में 209 रन पर सिमट गई।

इससे पहले श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 366 रन बनाए थे। कप्तान सहान अरच्चिगे ने 207 गेंदों में 127 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। भारत की ओर से गुरनूर बरार और सारांश जैन ने 4-4 विकेट लिए, जबकि यश ठाकुर को दो सफलताएं मिलीं।

जवाब में इंडिया ए ने पहली पारी में 543 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। साई सुदर्शन ने 168 रन की शानदार पारी खेली, जबकि देवदत्त पडिक्कल 94 रन बनाकर शतक से चूक गए। कप्तान ध्रुव जुरेल ने 53 रन, सारांश जैन ने नाबाद 70 रन और शेख रशीद ने 45 रन का योगदान दिया।

पहली पारी में 177 रन से पिछड़ने के बाद श्रीलंका ए पर वापसी का दबाव था, लेकिन गुरनूर बरार की धारदार गेंदबाजी के सामने उसकी बल्लेबाजी टिक नहीं सकी। बरार ने 12.3 ओवर में 68 रन देकर 6 विकेट लिए और श्रीलंका ए को 209 रन पर समेट दिया। इसके साथ ही मेजबान टीम भारत के सामने केवल 33 रन का लक्ष्य ही रख सकी।

33 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया ए ने बिना कोई विकेट गंवाए मुकाबला 10 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ए ने दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। साई सुदर्शन और गुरनूर बरार का प्रदर्शन भारत की जीत में सबसे अहम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *