जिम्बाब्वे के खिलाफ इस महीने खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान सोमवार (6 जुलाई) को कर दिया गया। चयनकर्ताओं ने एक बार फिर टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी है, जबकि तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है। तीनों मुकाबले 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे में खेले जाएंगे।

इस टीम में कई नए चेहरों को मौका मिला है। विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह, तेज गेंदबाज अशोक शर्मा, यश ठाकुर और स्पिनर हर्ष दुबे को टीम में शामिल किया गया है। अशोक शर्मा और यश ठाकुर पहली बार भारतीय टी20 टीम का हिस्सा बने हैं। वहीं हर्ष दुबे पहले भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेल चुके हैं।
प्रभसिमरन सिंह 2023 एशियन गेम्स के दौरान टीम में शामिल थे, लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था।टीम में बल्लेबाज रिंकू सिंह की भी वापसी हुई है। वह आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा एशियन गेम्स की टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे। इसके अलावा तेज गेंदबाज मयंक यादव भी लंबे समय बाद भारतीय टीम में लौटे हैं। उन्होंने अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है।
सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर है। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में हाल ही में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले वैभव को लगातार दूसरी सीरीज के लिए भी टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने अपना पहला मैच संजू सैमसन की जगह प्लेइंग इलेवन में खेला था।
हालांकि, इस बार अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिली है। माना जा रहा है कि उन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। उनके अलावा अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह को भी इस दौरे के लिए आराम दिया गया है।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।