2027 वर्ल्ड कप पर शुभमन गिल का बड़ा खुलासा, विराट-रोहित को लेकर दिया अहम अपडेट

भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि क्या दोनों अनुभवी बल्लेबाज आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ऐसे में गिल के बयान ने क्रिकेट फैंस के बीच नई उम्मीद जगा दी है।

विराट और रोहित 2027 वर्ल्ड कप की योजना में शामिल

इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने साफ कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा भारतीय टीम की भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के अनुभव और टीम में उनके योगदान की जमकर तारीफ की।

गिल ने कहा,«”विराट भाई और रोहित भाई पिछले एक दशक से भारत की बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ रहे हैं। वे हमारी टीम का बहुत जरूरी हिस्सा हैं। उनका अनुभव और वे जो स्किल टीम में लाते हैं, वह बेहद कीमती है। हमने अलग-अलग परिस्थितियों, बड़े मैचों और टूर्नामेंटों में पिछले 10 वर्षों में उनका प्रदर्शन देखा है।”

अनुभव और युवा खिलाड़ियों के बीच संतुलन जरूरी

भारतीय कप्तान ने 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि टीम अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को भी लगातार मौके देना चाहती है ताकि भविष्य के लिए मजबूत टीम तैयार हो सके।

गिल ने कहा, “मुझे लगता है कि दबाव वाली परिस्थितियों में अनुभव बहुत काम आता है। जब आप कई बार ऐसी परिस्थितियों का सामना कर चुके होते हैं, तो फैसले लेना आसान हो जाता है। हमारी कोशिश टीम के मजबूत कोर ग्रुप को बरकरार रखते हुए युवा खिलाड़ियों को भी पर्याप्त मौके देने की है, ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिल सके।”

टीम इंडिया की रणनीति हुई साफ

शुभमन गिल के बयान से यह संकेत मिल रहा है कि भारतीय टीम फिलहाल अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहती है। साथ ही चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट युवा खिलाड़ियों को भी तैयार कर रहे हैं, ताकि भविष्य में टीम का संतुलन बना रहे।अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि आने वाले महीनों में विराट कोहली और रोहित शर्मा का प्रदर्शन कैसा रहता है और क्या दोनों 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम के अहम स्तंभ बने रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *